राजगढ़ः अपरा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़
राजगढ़, 13 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा में हाइवे स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में बुधवार को अपरा एकादशी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जो पूरे दिन लगातार बनी रही।
बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरा परिसर “जय श्री श्याम” के जयघोष से गूंजता रहा। पर्व के अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा विशेष व्यवस्थाएँ की गईं। बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे पुष्पों से किया गया, जिसने दर्शनार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, पुष्प अलंकरण और आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया, जिससे शाम का दृश्य अत्यंत मनोहारी नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन मंगला आरती के साथ हुई। इसके बाद दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष आरतियों का क्रम चलता रहा। दोपहर और शाम की आरतियों के समय मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। ब्यावरा के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों एवं दूर-दराज के गाँवों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। पर्व का मुख्य आकर्षण विभिन्न मोहल्लों और गाँवों से निकाली गई भव्य निशान यात्राएँ रहीं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ नाचते-गाते श्रद्धालु बाबा के दरबार पहुँचे और निशान अर्पित किए।
पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष रूप से सभी के आकर्षण का केंद्र बनी, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मंदिर परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किए गए। नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भीषण गर्मी के बावजूद भक्तों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। अपरा एकादशी का आयोजन पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में सराबोर करता नजर आया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक