अनूपपुर: मुख्यमंत्री से मिले अनूपपुर विधायक और जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य सुविधाओं और जिले के विकास को लेकर सौंपा ज्ञापन

 


अनूपपुर, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से उनके भोपाल स्थित निवास पर शिष्टाचार भेंट कर जिले के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जिला मुख्यालय अनूपपुर एवं शहडोल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए दो महत्वपूर्ण मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे।

प्रतिनिधिमंडल में शहडोल जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष आधा राम वैश्य, नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह, जिला पंचायत अनूपपुर के उपाध्यक्ष एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पर्वती राठौर, भाजपा नेता वाल्मीकि राठौर, युवा नेता नितिन सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

अनूपपुर के चिकित्सालयों में चिकित्सकों की कमी पर जताई चिंता

विधायक बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिला मुख्यालय अनूपपुर मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की सीमा से लगा आदिवासी एवं पिछड़ा क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में जनजातीय एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग निवास करते हैं। जिले के कई चिकित्सालयों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के पद स्वीकृत होने के बावजूद नियुक्तियां नहीं हो सकी हैं, जिसके कारण मरीजों को जिला अस्पताल या अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करना पड़ता है। कई बार गंभीर मरीज समय पर उपचार नहीं मिलने से रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जिला चिकित्सालय सहित जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वीकृत पदों के अनुरूप चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की शीघ्र पदस्थापना कराई जाए, जिससे आम जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

शहडोल मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग

पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री के समक्ष एक अन्य महत्वपूर्ण विषय रखते हुए कहा कि आदिवासी बहुल शहडोल में न्यूरो सर्जन, फिजिशियन एवं हृदय रोग विशेषज्ञों की भारी कमी है। सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में जबलपुर, रीवा और अन्य शहरों में रेफर करना पड़ता है, जिससे कई मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। उन्होंने मांग की कि बिरसा मुण्डा चिकित्सा शिक्षा महाविद्यालय, शहडोल में न्यूरो सर्जन, फिजिशियन एवं हृदय रोग विशेषज्ञों के स्वीकृत पदों पर शीघ्र नियुक्तियां कराई जाएं, ताकि संभाग के लाखों लोगों को स्थानीय स्तर पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

विकास एवं जनहित के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले के समग्र विकास, स्वास्थ्य अधोसंरचना, जनसुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

राजनीतिक एवं सामाजिक दृष्टि से इस मुलाकात को अनूपपुर एवं शहडोल की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सरकार द्वारा शीघ्र निर्णय लिए जाने पर क्षेत्र के हजारों मरीजों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला