अनूपपुर : अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस के 15 घायलों को डायल-112 ने त्वरित पहुंचाया अस्पताल, बचाई जिंदगियां

 


भोपाल, 27 फरवरी (हि.स.) । डायल-112 आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित राहत कार्य का विश्वसनीय माध्यम है। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में यात्री बस के पलटने की घटना में डायल-112 जवानों ने तत्परता, साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 फरवरी को अनूपपुर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चचाई रोड पर एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने की सूचना डायल-112 राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना में लगभग 15 यात्रियों के घायल होने की जानकारी दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना क्षेत्र में तैनात दो डायल-112 एफआरव्ही वाहनों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

घटनास्थल पर पहुंचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक प्रकाश, आरक्षक राहुल तिवारी, पायलट लवकुश एवं पायलट रामकृष्ण प्यासी ने पाया कि यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी, जिससे कई यात्री घायल हो गए थे। डायल-112 जवानों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया।

जवानों द्वारा त्वरित समन्वय स्थापित करते हुए सभी घायलों को एफआरव्ही वाहन तथा चिकित्सा वाहन की सहायता सेशासकीय जिला चिकित्सालय अनूपपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डायल-112 की त्वरित कार्यवाही के कारण घायलों को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। डायल-112 हीरोज द्वारा प्रदर्शित यह समर्पण और संवेदनशीलता पुलिस के प्रति जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत