‘अंत्योदय’ जनकल्याणकारी नीतियों के लिए प्रेरणास्रोतः मंत्री चौहान

 


आगरमालवा, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रहित को केंद्र में रखते हुए एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। उनका ‘अंत्योदय’ का विचार आज भी शासन की जनकल्याणकारी नीतियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी भावना के साथ सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मंत्री चौहान ने रविवार को आगरमालवा जिले के सुसनेर में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उक्त विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखें तथा पात्रता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

इसके पूर्व सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने मंत्री चौहान का पुष्पमाला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर जयदीप पटेल, जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, पूर्व विधायक बद्रीलाल सोनी, लालजी राम मालवीय, आगरमालवा नगर पालिका अध्यक्ष नीलेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा