उज्जैन में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान फिर गई जान, सात दिन में करंट से तीसरे चालक की मौत
उज्जैन, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान करंट लगने से मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात एक और हादसे में 25 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की जान चली गई।
पिछले सात दिनों में यह तीसरी घटना है, जिससे ई-रिक्शा चालकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जीवाजीगंज थाना पुलिस ने बुधवार को बताया कि कामदारपुरा निवासी समीर, आयु 25 वर्ष ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात उसने अपना ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगाया। इसी दौरान अचानक वह बिजली की चपेट में आ गया और उसे तेज करंट लग गया। परिजन तत्काल चरक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौप दिया।
ज्ञात रहे समीर की मौत से ठीक एक दिन पहले नीलगंगा थाना क्षेत्र में आनंद नामक ई-रिक्शा चालक की भी चार्जिंग के दौरान करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी। इससे पहले भेरूगढ़ थाना क्षेत्र के आबूखाना इलाके में रहने वाले ई-रिक्शा चालक मनोहर की भी इसी तरह करंट लगने से जान चली गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल