अशोकनगर में हनीट्रैप का मामला : नशीला पेय पिलाकर अश्लील वीडियो बनाने और लाखों की वसूली का आरोप

 


अशोकनगर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक और मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने नशीला पेय पिलाकर उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर वर्षों में उससे लाखों रुपये वसूल लिए।

पुलिस के अनुसार, ग्राम महाना निवासी श्याम रघुवंशी ने शिकायत दर्ज कराई है कि मुख्य आरोपित महिला सीमा अहिरवार के दामाद भरत अहिरवार का उसके यहां पिछले चार वर्षों से आना-जाना था, जिससे दोनों परिवार एक-दूसरे को जानते थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि आर्थिक जरूरत पड़ने पर भरत ने अपनी सास सीमा अहिरवार से रुपये दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कथित तौर पर स्टांप पर दस्तावेज तैयार कराए गए और सुरक्षा के नाम पर चेक भी ले लिए गए।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में रुपये देने के बहाने उसे दीपेश कॉलोनी स्थित घर बुलाया गया। वहां सीमा अहिरवार, अंजलि अहिरवार, रोहित अहिरवार और भरत अहिरवार मौजूद थे। पीड़ित का आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया। भयवश उसने अलग-अलग किश्तों में लगभग 30 से 40 लाख रुपये आरोपितों को दिए।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रविप्रताप चौहान ने बताया कि शिकायत के आधार पर सीमा अहिरवार, भरत अहिरवार, अंजलि अहिरवार और रोहित अहिरवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार