आंगनबाड़ी केवल पोषण केंद्र नहीं, अंत्योदय की भावना को घर-घर पहुंचाने का माध्यम- शिवप्रकाश

 


भोपाल, 26 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत अब आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी परिवारों तक पहुंचाने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश टोली, विभिन्न टोलियों और महिला कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित किया।

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्रीशिवप्रकाश ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने का स्थान नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच बनाने और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने को कहा। इनमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन, मिशन वात्सल्य और पोषण संबंधी योजनाएं शामिल हैं।

सेवा कार्यों की जानकारी समाज तक पहुंचाने पर जोर

शिवप्रकाश ने कहा कि संगठन के सेवा कार्यों का उद्देश्य केवल प्रचार करना नहीं है, लेकिन लोगों को यह जानकारी होना जरूरी है कि विभिन्न योजनाओं और सेवा गतिविधियों से उन्हें क्या लाभ मिल रहा है। इसके लिए कार्यकर्ता व्यक्तिगत संपर्क के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी योजनाओं की जानकारी परिवारों तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना पहुंचाना अंत्योदय की अवधारणा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

बूथ कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की ताकत

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में हो रहे कार्यक्रमों की सफलता का श्रेय बूथ स्तर तक काम कर रहे कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और अभियान को सफल बनाने में प्रदेश, जिला और बूथ स्तर की टोलियां सामूहिक जिम्मेदारी से काम कर रही हैं।

खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों तक पहुंचाने के साथ सेवा गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही संगठन की गतिविधियों को समाज के विभिन्न वर्गों और परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ व सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं अभियान संयोजक राहुल कोठारी, विधायक रामेश्वर शर्मा, मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय नगाईच, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, पूर्व सांसद आलोक संजर सहित प्रदेश टोली और विभिन्न टोलियों के सदस्य मौजूद रहे। कुछ सदस्य वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे