अनूपपुर: एसडीआरएफ की टीम ने नर्मदा नदी के पुष्कर बांध में डूबे व्यक्ति शव निकाला
अनूपपुर, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित नर्मदा नदी के पुष्कर बांध में गुरुवार दोपहर बराती निवासी 45 वर्षीय सुरेश सिंह धुर्वे की डूबने से मृत्यु हो गई। सूचना पर एसडीआरएफ के गोताखोरों ने दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह शव को ढूढ़ निकाला। पुलिस पोस्टमार्टम के लिए लिये स्थानिय चिकित्सालय भेज कर कार्यवाही कर रहीं हैं।
प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी ने बताया कि गुरूवार को अमरकंटक के नर्मदा नदी के पुष्कर बांध में बराती निवासी 45 वर्षीय सुरेश सिंह धुर्वे की डूबने की सूचना पर 7 सदस्यी टीम भूपेंद्र सिंह, सुनील सिंह,अनुज कुमार,शिवप्रताप सिंह, अधारी सिंह एवं भागवत सिंह अनूपपुर से रवाना हो कर शाम को ढुढ़ने का प्रयास किया गया किन्तु तेज बारिश एवं अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू कार्य बंद कर दिया गया है। प्रातः पुनः रेस्क्यू कार्य करते हुए टीम ने डूबे हुए व्यक्ति का शव गहरे पानी से निकाल लिया। जिसे पुलिस को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार मृतक सुरेश सिंह धुर्वे गुरुवार की सुबह घर से इंडियन गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर ट्रक खाली कराने के कार्य के लिए निकला था। घर से निकलते समय उसने भाभी से कहा था कि वह कुछ पैसे कमाकर शीघ्र वापस लौट आएगा। कार्य समाप्त करने के बाद वह नर्मदा पुष्कर बांध पहुंचा और नहाने के उद्देश्य से बांध के किनारे कपड़े एवं चप्पल उतारकर पानी में उतर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरेश सिंह धुर्वे ने बांध की पटरी से गहरे हिस्से की ओर कूदा, वहां मौजूद लोगों ने उसे मना भी किया, लेकिन उसने उनकी बात अनसुनी कर पानी में छलांग लगा दी। कुछ देर बाद जब वह पानी से बाहर नहीं निकला तो आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए बचाव का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर वह डूबा, वहां पानी की गहराई लगभग 35 से 40 फीट है। अत्यधिक गहराई होने के कारण स्थानीय तैराकों एवं गोताखोरों ने अंदर जाने से मना कर दिया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और मुख्यालय से एसडीआरएफ के गोताखोरों को बुलाया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला