अमृत योजना 2.0 के कार्य तय समयसीमा में पूरे करें : निगम आयुक्त

 


भोपाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अमृत योजना 2.0 के तहत पेयजल आपूर्ति और सीवेज से संबंधित सभी प्रचलित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस्काडा (स्काडा) सहित अन्य नवीन कार्यों को भी शीघ्र शुरू करने को कहा है।

सोमवार को निगम मुख्यालय अटल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने निर्माण एजेंसियों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराकर कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

आयुक्त अहिरवार ने अमृत योजना 2.0 के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति और प्रस्तावित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं से संबंधित पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन भी देखा। उन्होंने पेयजल पाइपलाइन बिछाने, इंटेक वेल निर्माण और सीवेज नेटवर्क से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने पर जोर दिया।

कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देशपरियोजना प्रबंधन का काम देख रही एजेंसी टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स के टीम लीडर को आयुक्त ने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के कार्यों में आ रही व्यावहारिक समस्याओं और बाधाओं को संबंधित विभागों तथा कंसल्टेंट के साथ समन्वय बनाकर दूर किया जाए। ड्राइंग और डिजाइन से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के लिए अलग से डिजाइनर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि निर्देशों के अनुसार कार्य नहीं किए गए तो संबंधित एजेंसी पर पेनाल्टी लगाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पाइपलाइन और अन्य निर्माण कार्यों के बाद रेस्टोरेशन का काम निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा करने को भी कहा।

तालाबों की सफाई और शाहपुरा झील के विकास की समीक्षानिगम आयुक्त ने झील संरक्षण प्रकोष्ठ के कार्यों की समीक्षा करते हुए तालाबों की सफाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शाहपुरा तालाब के विकास के लिए तैयार की गई डिजाइन और कार्य में किए गए बदलावों की जांच कराने को कहा।

उद्यानों और सड़कों की सफाई पर जोरआयुक्त अहिरवार ने उद्यान शाखा के कार्यों की समीक्षा करते हुए शहर के उद्यानों, सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज और मार्गों के किनारे लगे पेड़ों की व्यवस्थित कटाई-छंटाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधों से खरपतवार हटाने और उनमें मिट्टी डालकर उचित भराव सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग को शहर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। सड़कों, फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज और चौराहों की रोटरियों के किनारों से धूल-मिट्टी नियमित रूप से साफ कराने को भी कहा गया।

आर्मी डे की तैयारियों को लेकर भी निर्देशनिगम आयुक्त ने रोड स्वीपिंग मशीनों का संचालन जोन स्तर से करने, फाउंटेन और फव्वारों को चालू रखने तथा सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और नालियों में कचरा फेंककर सफाई व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई सख्ती से करने के निर्देश दिए।

आर्मी डे की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने शहर के प्रवेश द्वारों, प्रमुख मार्गों, आयोजन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा, सुमित कुमार पांडे, अमन मिश्रा, अभिषेक सिंह, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता, उपायुक्त भुवन गुप्ता, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग और आर.आर. जरोलिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा