अंबेडकर जयंती पर भोपाल में कांग्रेस का श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विभिन्न स्थलों पर किया नमन
भाेपाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर द्वारा पूरे शहर में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को नमन किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में सर्वप्रथम लिली टॉकीज़ चौराहा स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित प्रतिमा पर भी कांग्रेसजनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को स्मरण किया। दोनों स्थानों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस परिवार के सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर प्रवीण सक्सेना ने कहा कि डॉ. अंबेडकर सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के प्रबल समर्थक थे। उनके विचार आज भी देश को संविधान की मूल भावना न्याय, समता और बंधुत्व की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, महेंद्र जोशी, भूपेंद्र गुप्ता, अरुण श्रीवास्तव, जेपी धनोपिया, आनंद तरण सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे