राजगढ़ः अखंड भारत स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित

 


राजगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई), ब्यावरा में शुक्रवार को अखंड भारत स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह संतोष शिवहरे, मुख्य वक्ता विद्या भारती के प्रांतीय प्रशिक्षण प्रमुख राजेंद्र सिंह परमार तथा विशिष्ट अतिथि प्रांतीय कार्यालय अध्यक्ष संतोष जी उपस्थित रहे। अध्यक्षता डॉ. मुकेश दांगी ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संतोष शिवहरे ने कहा कि वर्ष 1947 में भारत का विभाजन हुआ, लेकिन इससे पहले भी देश कई बार विभाजित हो चुका था। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया। मुख्य वक्ता राजेंद्रसिंह परमार ने कहा कि 1947 का विभाजन बेहद पीड़ादायक था। विभाजन के दौरान बड़े पैमाने पर जनहानि हुई।

उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक दृष्टि से भारत सदैव समृद्ध और प्रभावशाली रहा है। कभी भारत की सीमाएं वर्तमान से कहीं अधिक विस्तृत थीं और विश्व में भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता था। उन्होंने कहा कि आज इजराइल और चीन जैसे देश विकास की दौड़ में आगे निकल चुके हैं, लेकिन भारत भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब विश्व भारत की बात को ध्यानपूर्वक सुन रहा है और भारतीय विचार एवं संस्कृति वैश्विक स्तर पर पहुंच रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत वैचारिक रूप से पुनः अखंड होगा और भविष्य में विश्व का नेतृत्व करेगा।

कार्यक्रम का संचालन कृष्ण गोपाल जी ने किया। परिचय लक्ष्मी साहू दीदी ने दिया, जबकि आभार गजेंद्र सिंह झाला ने माना। इस अवसर पर ग्रामीण शिक्षा के जिला प्रमुख अखिलेश दुबे, प्राचार्य महेश त्यागी सहित विद्यालय के आचार्य-दीदी एवं अभिभावक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक