मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ तस्वीर शेयर कर घिरे अजय सिंह की सफाई, बोले- मैं उन्हें पहचानता तक नहीं था

 


भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच मध्य प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल की उनके साथ तस्वीर सामने आने से सियासी विवाद खड़ा हो गया है। तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। वहीं, शुक्रवार को अजय सिंह ने सफाई देते हुए मीडिया से कहा कि वह ज्ञानेश कुमार को पहचानते तक नहीं हैं।

दरअसल, 23 नवंबर को भोपाल में ईओडब्ल्यू के डीजी उपेंद्र जैन के बेटे दिव्यांशु के विवाह समारोह में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अजय सिंह राहुल शामिल हुए थे। इस दौरान दोनों की साथ में तस्वीर खींची गई, जिसे अजय सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया था। तस्वीर सामने आने के बाद मीडिया ने उनसे सवाल किया कि जब कांग्रेस ज्ञानेश कुमार का विरोध कर रही है तो उन्होंने उनके साथ तस्वीर क्यों खिंचवाई।

इस पर अजय सिंह ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि तस्वीर में मौजूद व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तस्वीर उन्होंने खुद फेसबुक पर पोस्ट की थी, उसे किसी ने वायरल नहीं किया। वह सीधी जिले के पहले पुलिस अधीक्षक रहे उपेंद्र जैन के बेटे के रिसेप्शन में शामिल होने पहुंचे थे। वहां पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित दो अन्य सज्जन खड़े थे। किसी ने उनका परिचय नहीं कराया और सामान्य तौर पर तस्वीर खिंच गई।

अजय सिंह ने कहा कि शादी समारोह में कौन किसे पहचान रहा था। उन्हें नहीं मालूम था कि साथ खड़े व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं या कोई और। उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस की मांग है कि ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें। पार्टी पहले ही उनके इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुकी है।

तस्वीर को लेकर भाजपा ने भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टिप्पणी करते हुए लिखा, 'अजय जी, आप तो ऐसे न थे! गांधी परिवार से इतना डर आखिर किसलिए?' भाजपा ने कहा कि अजय सिंह कोई नर्सरी के बच्चे नहीं हैं, जो किसी से डर जाएं।

गौरतलब है कि जिस समय अजय सिंह की मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में थी, उसी दौरान भोपाल में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार के विरोध में उनका पुतला दहन कर रहे थे। हालांकि, बताया गया कि यह प्रदर्शन ज्ञानेश कुमार के भोपाल से रवाना होने के बाद हुआ। इस घटनाक्रम को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा