आगरमालवा जिला गुरुवार को 3 लाख 62 हजार दीयों से जगमगाएगा
आगरमालवा, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा संकल्प अभियान की प्रदेशव्यापी शुरूआत अवसर पर दीया कार्यक्रम के तहत गुरुवार, 17 सितम्बर को आगरमालवा जिला लगभग 3 लाख 62 हजार 500 से अधिक दीयों की झिलमिल रोशनी से जगमगाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रमुख मंदिरों सहित 10 प्रमुख स्थानों पर 14हजार दिये जलाये जाएंगे। इसके लिये सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी ने बुधवार को बताया कि संकल्प सेवा अभियान के शुभारम्भ पर 17 सितम्बर को शाम 07.00 बजे आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में जिले के सुप्रसिद्ध बाबा बैजनाथ धाम शिवालय, हरिसिद्धी मंदिर बीजानगरी, शिव मंदिर नानूखेड़ी, शिव मंदिर पंचदेहरिया पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत् 1-1 हजार कुल 04 हजार दीयें जलाएं जाएंगे। जिला मुख्यालय के मोतीसागर तालाब पर 5100 दीयें, माँ बगुलामुखी मंदिर पर 2100 दीये, नगर परिषद् कानड़ में 500, बड़ौद में 501, सोयत में 1000, बड़ागांव में 800 इस तरह कुल उक्त 10 स्थानों पर 14001 दीयों को रोशन करने की तैयारियां कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि आगरमालवा जनपद की ग्राम पंचायत में 31000, बड़ौद में 34500, नलखेड़ा में 25000 हजार, सुसनेर में 31500, आगरमालवा नगर परिषद् के प्रत्येक वार्ड में 500-500 तथा अन्य नगर परिषदों कें वार्डों में 250-250 के मान से कुल 1 लाख 22 हजार दीये और ग्रामीण क्षेत्रों में 72 हजार 500 लाभार्थियों के घरों में, सार्वजनिक स्थलों पर 1180 कुल 1 लाख 95 हजार 680 दीये जलाएं जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की लाभार्थी 1 लाख 13 हजार बहनों द्वारा भी अपने घरों में स्व-प्रेरणा से आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा। कुण्डालिया डेम पर 5000 एवं टिल्लर डेम पर भी 500 आशीर्वाद के दीये जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। इस तरह सेवा संकल्प अभियान के शुभारम्भ अवसर पर 17 सितम्बर 2026 की शाम 07.00 बजे सम्पूर्ण आगरमालवा जिला व्यापक जनसहयोग एवं जनभागीदारी से आशीर्वाद के दीये की रोशनी से जगमगायेगा।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा