उज्जैनः पंचक्रोशी यात्रा पूर्ण कर यात्रियों ने नागचंद्रेश्वर को लौटाया बल

 


उज्जैन, 27 अप्रैल (हि.स.)। उज्जैन में रविवार को पंचक्रोशी यात्रा का समापन हो गया। जो यात्री अधिकृत रूप से 23 अप्रैल को यात्रा पर निकले थे, वे सभी रविवार को उज्जैन पहुंचे। यहां पहुंचने पर सबसे पहले उन्होने पटनी बाजार स्थित नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर पर जाकर बल लौटाया। इसके बाद शिप्रा तट पहुंचे ओर स्नान किया। इसके बाद अनेक यात्री अपने घरों की ओर लौट गए वहीं अनेक ने विधान अनुसार अष्टतीर्थ यात्रा प्रारंभ कर दी।

118 किमी लम्बी आस्था और श्रृद्धा की इस यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में बच्चों से लेकर वृद्ध तक,युवतियों से लेकर महिलआएं तक शामिल रहीं। एक समय यह यात्रा बड़ी कष्टप्रद मानी जाती थी। भोजन का सामान भी साथ में रखकर यात्री जाते थे। रास्ते में भोजन बनाते वहीं आज की तरह टेंट,पानी,स्नान की व्यवस्था नहीं होती थी।

श्रद्धालुओं का कहना रहा कि इस बार यात्रा में प्रशासन ने बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की थी। सभी जगहों पर पानी,बिजली,स्नान और भोजन की व्यवस्थाएं थी। बड़ी संख्या में संस्थाएं भोजन एवं नाश्ता के लिए आगे आई और नि:शुल्क उपलब्ध करवाया। स्वास्थ्य सुविधाएं भी व्यापक रही। शहर में प्रवेश पर यात्रियों का जगह-जगह स्वागत किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल