आरक्षक, अधिवक्ता विवाद में उद्धेलित अधिवक्ताओं ने एसपी को ज्ञापन दिया
जबलपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। सिविल लाइन क्षेत्र में वकील और आरक्षक के बीच हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला दोनों पक्षों के बीच झड़प तक पहुंच गया, जिसके विरोध में बड़ी संख्या में अधिवक्ता सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। अधिवक्ताओं ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में देरी की और समझौते का दबाव बनाया। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि पुलिस अपने ही कर्मचारियों को संरक्षण देगी, तो कानून व्यवस्था पर आम जनता का भरोसा कमजोर होगा।
शिकायतकर्ता अधिवक्ता पंकज शर्मा ने दावा किया है कि उनके पास घटना से जुड़े वीडियो सबूत मौजूद हैं, जो मामले को और गंभीर बनाते हैं। उन्होंने मदन महल थाने में पदस्थ आरक्षक साकेत तिवारी पर घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
इस पूरे मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि अधिवक्ताओं का ज्ञापन प्राप्त हो चुका है और मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही एक अन्य प्रकरण में एक युवती द्वारा एक वकील पर धमकी देने के आरोप की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक