राजगढ़ः समय-सीमा बैठक में की गई शिकायतों की विस्तृत समीक्षा

 


राजगढ़, 01 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ मे बुधवार को कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की लंबित एवं प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की उन शिकायतों पर नाराज़गी जताई जिनका समय पर निराकरण नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे अधिकारियों का एक दिवस का वेतन काटा जाएगा। बैठक में साधना सप्ताह के अंतर्गत सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को पोर्टल पर निर्धारित पाठ्यक्रम पूर्ण करने के आदेश दिए गए। साथ ही समग्र ई-केवाईसी एवं सार्थक ऐप के माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने ई-गवर्नेंस शाखा को निर्देशित किया कि आगामी समय-सीमा बैठक में ‘मेरे शिक्षा’ ऐप की समीक्षा प्रारंभ की जाए। उन्होंने संपूर्णता अभियान को गंभीरता से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि नीति आयोग के प्रतिनिधि को नियमित रूप से बैठक में आमंत्रित किया जाए, ताकि सभी मापदंडों पर समीक्षा कर सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कलेक्टर मिश्रा ने ग्रामीण एवं शहरी निकायों में साप्ताहिक लक्ष्य तय करने और सख्त समीक्षा के निर्देश दिए। जनगणना कार्यक्रम को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारी/ कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कहा कि संविदा कर्मचारियों के आठ माह से लंबित वेतन का वितरण नहीं होने पर सीएचएमओ एवं स्थापना लिपिक का वेतन रोका जाएगा। बैठक के अंत में जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए कृषि विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कलेक्टर ने विभाग को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक