राजगढ़ः मानसून से पहले तैयारियां तेज, कलेक्टर बोले- वर्षाकाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही
राजगढ़, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रशासन ने आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वर्षाकाल के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जलभराव वाले पुल, पुलिया और रपटों पर मानसून से पहले बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी और पुलिस ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। स्कूल बसों और यात्री वाहनों के संचालकों को भी जलमग्न मार्गों से बचने के लिए चेतावनी जारी करने को कहा गया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को एंटी स्नेक वेनम, आवश्यक टीकों और जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बाढ़ संभावित और डूब क्षेत्रों की पहचान कर ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने पेयजल गुणवत्ता और सीवेज मिश्रण संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगरीय निकायों को निचले क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए अग्रिम व्यवस्थाएं करने को कहा गया। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक