राजगढ़ः कलेक्टर ने किया सीएमएचओ कार्यालय का निरीक्षण, 3 कर्मचारियों को नोटिस
राजगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग की प्रशासनिक व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने शनिवार को सीएमएचओ कार्यालय का निरीक्षण कर सख्ती दिखाई। लेखा और स्थापना शाखा में अभिलेखों के संधारण में कमियां मिलने पर तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने व्यवस्थाएं सुधारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। इसके बाद दोबारा औचक निरीक्षण किया जाएगा। कमियां मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. शेख जलालुद्दीन को शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) का प्रभार सौंपा गया था। इसके अगले ही दिन कलेक्टर ने कार्यालय पहुंचकर विभिन्न शाखाओं में कामकाज, अभिलेखों के रखरखाव और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। केस बुक अधूरी, स्थापना शाखा के रिकॉर्ड भी अपडेट नहीं निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सबसे पहले लेखा शाखा पहुंचे। यहां सहायक ग्रेड-3 प्रभा देवड़ा की केस बुक अधूरी मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्थापना शाखा में जांच के दौरान शाखा प्रभारी पूजा सोनी और सीमा परिहार से संबंधित अभिलेख अद्यतन नहीं पाए गए। दोनों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने नवपदस्थ सीएमएचओ डॉ. शेख जलालुद्दीन को निर्देश दिए कि स्थापना शाखा का समस्त पत्राचार नियमानुसार नोटशीट के माध्यम से प्रस्तुत किया जाए। कार्यालय के सभी अधिकारियों- कर्मचारियों का शाखावार विवरण भी तैयार किया जाए। इसमें पदस्थापना, वर्तमान पद और संबंधित पद पर कार्यरत रहने की अवधि का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। कलेक्टर ने लंबित कार्यों, अभिलेखों के संधारण और कार्यालयीन प्रक्रियाओं में सुधार के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा तय की। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल परिसर स्थित शासकीय आवासों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्थानांतरित हो चुके या मुख्यालय छोड़ चुके कर्मचारियों द्वारा आवास खाली नहीं करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के नियमों के अनुसार बकाया किराया वसूलने और आवासों का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. मनीष चैहान और प्रभारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुनील वर्मा मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक