राजगढ़ः कलेक्टर ने की राजस्व विभाग की समीक्षा

 


राजगढ़, 05 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को एनआईसी कक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं, न्यायालयीन प्रकरणों तथा लंबित राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत सेल्फ रजिस्ट्रेशन के अप्रूवल में लंबित प्रकरण पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।उन्होंने राजस्व कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर तहसीलदार जीरापुर वर्मा, तहसीलदार खिलचीपुर अनिल शर्मा एवं तहसीलदार नरसिंहगढ़ अनाग्रिका को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में किला अमरगढ़ में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर सोनाली डावर के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त की तथा उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान तहसील खिलचीपुर के ग्राम भूमरिया तथा तहसील नरसिंहगढ़ के ग्राम बड़ोदिया तालाब में प्रकरण लंबित पाए गए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत राजस्व विभाग से संबंधित 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करे। इसी प्रकार नामांतरण एवं बटवारा, निजी भूमि पर अवैध कब्जे, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पंजीयन एवं राशि भुगतान, भू-अर्जन एवं मुआवजा, भूमि सीमांकन तथा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने राजस्व न्यायालयों में लंबे समय से बिना किसी गतिविधि के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। रिकॉर्ड दुरुस्ती के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नरसिंहगढ़, राजगढ़ एवं ब्यावरा के यहां अधिक संख्या में प्रकरण लंबित पाए गए। इस पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिकॉर्ड दुरुस्ती से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक