उज्जैनः सिंहस्थ-2028 प्रस्तावित मार्ग और पार्किंग को लेकर एडीजी ने ली बैठक

 


उज्जैन, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को सिंहस्थ मेला क्षेत्र के प्रस्तावित ट्रैफिक रूट एवं समग्र यातायात प्रबंधन योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आईजी कार्यालय पर एडीजीपी सह आईजी राकेश गुप्ता ने ली।

बैठक में पर्व के दौरान संभावित भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में रैंज के डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा, यातायात डीएसपी विक्रम सिंह कनपुरिया और दिलीप सिंह परिहार सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों के समक्ष सिंहस्थ के दौरान लागू किए जाने वाले ट्रैफिक रूट, डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन मार्ग, वीआईपी मूवमेंट तथा भीड़ नियंत्रण की रणनीति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

मेला क्षेत्र की पार्किंग और डायवर्जन पर हुई चर्चा

प्रस्तुतीकरण में अधिकारियों को बताया गया कि सिंहस्थ में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि शहर में यातायात का सुचारू संचालन बना रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने। मुख्य मार्गों पर डायवर्जन, पार्किंग जोन का निर्धारण, बस एवं निजी वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग तथा घाट क्षेत्रों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था पर विशेष रूप से फोकस किया गया।

फायर ब्रिगेड के लिए बनाया जाएगा अलग रास्ता

एडीजी राकेश गुप्ता ने बैठक में शामिल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और ट्रैफिक प्रबंधन को तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जाए। श्री गुप्ता ने आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा बलों के लिए विशेष कॉरिडोर निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया संभव हो सके। बैठक में यह भी तय किया गया कि भीड़ नियंत्रण के लिए संवेदनशील मार्गों और प्रमुख स्नान तिथियों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी और कंट्रोल रूम के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी सुदृढ़ की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल