उज्जैन: महाकाल की शरण में पहुंचीं अभिनेत्री सोनल चौहान, भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद
उज्जैन, 16 अप्रैल (हि.स.) । हिंदी और तेलुगु फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री और मिस वर्ल्ड टूरिज्म रह चुकी सोनल चौहान गुरुवार को महाकाल मंदिर पहुंचीं। उन्होंने सुबह तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सोनल चौहान रात करीब दो बजे ही ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच गई थीं। यहां उन्होंने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने नंदी जी की पूजा-अर्चना कर उनके कान में अपनी मनोकामना भी व्यक्त की। आरती के समय सोनल भगवान महाकाल का जाप करती नजर आईं। आरती समाप्त होने के बाद उन्होंने महाकाल की देहरी से दर्शन किए और जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। मंदिर समिति की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।
गौरतलब है कि सोनल चौहान हिंदी और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रही हैं। वह साल 2005 में फेमिना मिस इंडिया और मिस वर्ल्ड टूरिज्म का खिताब जीत चुकी हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत हिंदी फिल्म ‘जन्नत’ और तेलुगु फिल्म ‘रेनबो’ से की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत