कान्हा टाइगर रिजर्व पहुंचीं अभिनेत्री सोनल चौहान, जंगल सफारी का लिया आनंद, तस्वीरें वायरल
मंडला, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक खूबसूरती एक बार फिर बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान को अपनी ओर आकर्षित कर लाई। अभिनेत्री ने मंडला और बालाघाट जिले में फैले प्रसिद्ध कान्हा राष्ट्रीय उद्यान पहुंचकर जंगल सफारी का आनंद लिया। इस दौरान खींची गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो रही हैं। उनके प्रशंसक तस्वीरों को खूब पसंद कर रहे हैं।
सोनल चौहान ने बुधवार को कान्हा सफारी के दौरान की कई खूबसूरत तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की हैं। इनके साथ उन्होंने ‘वीकेंड विद टाइगर्स’ कैप्शन लिखा है। तस्वीरों में अभिनेत्री सफारी जीप में बैठकर जंगल की सैर करती नजर आ रही हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में वे कैमरे के जरिए जंगल के खूबसूरत नजारों और वन्यजीवों के पलों को कैद करती दिखाई दे रही हैं।
उल्लेखनीय है कि मंडला और बालाघाट जिलों में फैला कान्हा टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख वन पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां के घने जंगल, विशाल घास के मैदान और समृद्ध वन्यजीव संपदा देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है। विशेष रूप से बाघ और दुर्लभ प्रजाति के बारहसिंगा के लिए कान्हा की विशिष्ट पहचान है। सोनल चौहान की तस्वीरें वायरल होने के बाद एक बार फिर यह राष्ट्रीय उद्यान चर्चा में आ गया है।
गौरतलब है कि सोनल चौहान ने वर्ष 2008 में अभिनेता इमरान हाशमी के साथ फिल्म ‘जन्नत’ से बॉलीवुड में अभिनय की शुरुआत की थी। फिल्म में उन्होंने जोया माथुर की भूमिका निभाई थी, जिससे उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा के साथ-साथ तेलुगु फिल्मों में भी अभिनय किया और अपनी अलग पहचान बनाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा