सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में कार्रवाई, केड़ीगेट चौराहे की कमरुबाग मस्जिद का हिस्सा हटाया
उज्जैन, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 को लेकर प्रमुख मार्गों और चौराहों के चौड़ीकरण का काम तेज हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को केड़ीगेट चौराहे पर स्थित बोहरा समाज की कमरुबाग मस्जिद के चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की मौजूदगी में दो बुलडोजरों की मदद से मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान उज्जैन नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। प्रशासन ने पूरी कार्रवाई अपनी निगरानी में कराई। हालांकि, कार्रवाई से पहले समाजजनों की ओर से विरोध किया गया, लेकिन अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति शांत हुई और इसके बाद हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।
सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर उज्जैन शहर में प्रमुख मार्गों और चौराहों को यातायात के लिहाज से सुगम बनाने तथा उनका चौड़ीकरण करने की योजना पर काम चल रहा है। इसी योजना के तहत ऐसे धार्मिक स्थलों को हटाया जा रहा है, जो प्रस्तावित चौड़ीकरण की सीमा में आ रहे हैं। इससे पहले भी शहर के विभिन्न हिस्सों में मंदिर, मस्जिद और दरगाहों से संबंधित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई हो चुकी है।
प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ के दौरान उज्जैन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अभी से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क और चौराहों के विस्तार का काम किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से प्रमुख मार्गों को चौड़ा कर आवागमन को सुगम बनाने की तैयारी की जा रही है।
धार्मिक स्थलों से संबंधित कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। मंगलवार को भी केड़ीगेट चौराहे पर नगर निगम और पुलिस प्रशासन का अमला मौजूद रहा और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा