सागरः स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त, 3 दिनों में 28 स्कूल बसों पर कार्रवाई
सागर, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सागर पुलिस इन दिनों पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रही है। यातायात पुलिस द्वारा पिछले तीन दिनों के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होने वाली स्कूल बसों का व्यापक और आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
इस चेकिंग अभियान के दौरान कुल 28 स्कूल बसों में मोटरयान अधिनियम एवं अनिवार्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन सभी वाहनों के विरुद्ध चालान काटे और मौके पर कुल ₹35,000 का समन शुल्क वसूल किया।
निरीक्षण के दौरान जो खामियां सामने आईं, वे बेहद चौंकाने वाली और बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने जैसी थीं। जांच में पाया गया कि कई बसों में अग्निशमन यंत्र वर्किंग कंडीशन में नहीं थे या गायब थे। तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरा बंद या नदारद मिले। आपातकालीन स्थिति के लिए फर्स्ट एड बॉक्स और इमर्जेंसी एग्जिट गेट की व्यवस्था नियमानुसार नहीं थी। इसके अलावा, कई बस चालकों द्वारा निर्धारित वर्दी और नेम प्लेट धारण नहीं करने जैसी अनुशासनहीनता और अनियमितताएं भी सामने आईं।
सागर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी स्कूल संचालक और वाहन मालिक निर्धारित गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा आगे और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे