मुरैना में अतिक्रमण पर कार्रवाई तेज: दूसरे दिन भी चला अभियान, जुर्माना व गैस सिलेंडर जब्त

 


मुरैना, 4 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना शहर के प्रमुख बाजारों को अस्थाई अतिक्रमण से मुक्त कराने का कार्य शनिवार दूसरे दिन भी जारी रहा। शहर के पंसारी बाजार, कुंवर जाहर सिंह कक्का मार्ग तथा एमएस रोड़ पर अस्पताल के सामने कार्यवाही की गई। दवा दुकानदारों के सामने वाहन न खड़े होने की चेतावनी दी गई है। नाले-नाली के बाहर रखे गये सामान को हटाने की सूचना दी गई।

दुकानदारों द्वारा सामान नहीं हटाया उन पर जुर्माना कर सामान जब्त किया गया। यह कार्यवाही लगातार जारी रहने की संभावना है।

शहर के व्यस्ततम बाजार को आवागमन के लिये बेहतर बनाने की कार्यवाही प्रशासन के निर्देशन पर नगर निगम व राजस्व विभाग द्वारा की जा रही है। विगत दिवस आरंभ हुई कार्यवाही के तहत स्टेशन रोड, शंकर बाजार, सदर बाजार पर प्रशासन द्वारा अचानक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार उमेश अवस्थी, यातायात निरीक्षक संतोष सिंह भदोरिया तथा राजस्व अधिकारी ज्योति लाक्षाकार अपनी टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान कुछ ठेलों, गुमटियों और काउंटरों को हटाया गया।

वहीं आज सुबह से ही पंसारी बाजार से आरंभ हुई कार्यवाही कुंवर जाहर सिंह शर्मा कक्का मार्ग पर गोपीनाथ की पुलिया से आरंभ होकर गुफा मंदिर तक हुई। इस दौरान अनेक दुकानदारों का वह सामान जब्त किया गया। जो कि नाली के बाहर रखा हुआ था। वहीं दो दिवस के दौरान 9 से 10 हजार की राशि जुर्माने में वसूल की गई। दो मिठाई दुकानदारों के यहां से तीन घरेलू गैस सिलेण्डर भी बरामद किये गये। इनमें एक सिलेण्डर भरा हुआ था जब कि दो सिलेण्डर खाली थे। अनेक दुकानदारों को नाली के बाहर सामान न रखे जाने की चेतावनी दी गई।

दुकानदारों ने निगम की कार्यवाही पर लगाया प्रश्नचिन्ह

लम्बे अर्से के बाद अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शहर के प्रमुख बाजार में की जा रही है। लेकिन दुकानदार व नागरिकों में असंतोष उत्पन्न हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन रोड पर वर्षों से फैले व्यापक अतिक्रमण की अनदेखी की गई है। इस रोड़ पर अनेक गुमटी आज भी यथावत बनी हुई हैं। स्थानीय नागरिक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पर प्रश्नचिन्ह लगातार अधिकारी कर्मचारियों पर पक्षकार का आरोप लगा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन भविष्य में इस दिशा में कोई ठोस और व्यापक अभियान चलाता है या नहीं।

मुरैना डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार उमेश अवस्थी का कहना है कि आवागमन को सुगम बनाने के लिये अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही आरंभ की गई है। यह निरंतर संचालित होती रहेगी। शहर के प्रमुख मार्गों पर आज दूसरे दिवस भी शासकीय जमीन पर रखे सामान को बरामद किया जा रहा है।

मुरैना तहसीलदार ज्योति लाक्षाकार ने कहा कि चेतावनी के बावजूद अस्थाई अतिक्रमण करने वालों पर नगर निगम द्वारा कार्यवाही की गई है। जिसके तहत चेतावनी को दरकिनार करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जा रही है। दोनों दिवस में लगभग 10 हजार रूपये का जुर्माना निगम द्वारा वसूला गया है। इसमें 1 हजार रूपये से लेकर 3 हजार रूपये तक की राशि के जुर्माने किये गये हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा