अनूपपुर: जिले के चारों जनपद में पंच के 13 पदों पर 9 निर्विरोध निर्वाचित, चार के लिए नहीं आए आवेदन

 


अनूपपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मप्र राज्य निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रमों में 29 सितम्बर को पंचायत उप निर्वाचन 2026 अंतर्गत जिले चारों जनपदों अनूपपुर, कोतमा, जैतहरी, और पुष्पराजगढ़ में 13 पंचो के रिक्त पदों पर मंगलवार को चुनाव की प्रक्रिया नहीं अपनाई जा रही है।

यहां चुनावी कार्यक्रमों में 8 सितंबर से आरंभ हुए नाम निर्देशन भरने की अंतिम तिथि 15 सितम्बर तक अधिकांश पंचायतों में पंच पद के लिए एकल आवेदन ही मिले, जबकि कुछ स्थान पर तो एक भी अभ्यर्थी पंच पद के लिए दावेदारी भी प्रस्तुत कर सके। जिसके कारण स्थानीय निर्वाचन पदाधिकारियों ने एकल आवेदन आए बूथ के अभ्यर्थियों को निर्विरोध विजयी मानते आयोग को जानकारी भेज दी है, जहां आगामी 5 अक्टूबर को निर्विरोध विजयी अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदाय किया जाएगा।

निर्वाचन शाखा अनूपपुर की जानकारी के अनुसार जिले के चारों जनपद पंचायत में 13 पंच पद के लिए चुनाव कराया जाना था। पंच पद के लिए अनूपपुर जनपद पंचायत अंतर्गत 4 ग्राम पंचायत के 6 वार्ड, जैतहरी जनपद पंचायत के 2 ग्राम पंचायत के 2 वार्ड, कोतमा जनपद पंचायत के विचारपुर में और पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत के 4 ग्राम पंचायत के 4 वार्ड में पंचायका कांवठोना था। जिसमें अब अनूपपुर जनपद पंचायत के छिल्पा ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 17 से गुड़िया गोंड, वार्ड क्रमांक 19 से दशरथ बैगा, आमाडांड ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 05 से गायत्री गोंड, वार्ड क्रमांक 16 से रूपा पाव, देवरी ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 से महेश चर्मकार, मुड़धोवा ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 09 से पूनिया बाई निर्विरोध विजयी हुई। जबकि जैतहरी जनपद पंचायत के क्योंटार ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 05 से चंपा बाई राठौर, पिपरिया ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 16 से श्यामलाल कोल निर्विरोध विजयी हुए।

इसी तरह पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत इटौर के वार्ड क्रमांक 07 से धीरज सिंह निर्विरोध विजयी हुए, यहां से तीन ग्राम पंचायत बिजौरा के वार्ड क्रमांक 03, बेंदी के वार्ड क्रमांक 18, गिरारी के वार्ड क्रमांक 10 से पंच के पद आवेदन के अभाव में रिक्त रह गए। इसके अलावा कोतमा जनपद पंचायत से एक मात्र पंचायत विचारपुर में भी पंच पद रिक्त रह गया। इस प्रकार जिले के रिक्त 13 पंच के विरुद्ध 9 पंच पद के लिए 1 ही आवेदन प्राप्त हुआ। जिससे निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। साथ ही 4 स्थानों पर कोई भी आवेदन प्राप्त नहीं होने से पद रिक्त रहेंगे।

अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बलवीर रमण ने बताया कि 9 स्थानों पर एकल आवेदन के कारण उन स्थानों पर पंच पद के अभ्यर्थियों को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया है, चार स्थान पर कोई आवेदन नहीं आए, जिसके कारण निरंक माना गया। प्रमाण पत्र तहसील स्तर पर वितरित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला