अनूपपुर: जिले की बदहाल सड़कों से बढ़ रहे हादसे, 5 वर्ष में 1886 दुर्घटनाओं में 877 मौतें

 




अनूपपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय बरिश से कई प्रमुख मार्गों की हालत खराब है। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। बारिश में इनमें पानी भर जाता है जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ जाता है।

कलेक्ट्रेट, कोतमा, जैतहरी, चचाई और अमरकंटक मार्ग के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कई जगह सड़क खराब है। 5 वर्ष में 1,886 सड़क दुर्घटना में 877 लोगों की असमय मौत हुई है। वहीं लोक निर्माण विभाग का कहना हैं कि सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।

कलेक्ट्रेट और कोतमा मार्ग पर कई जगह सड़क टूट गई है। कुछ स्थानों पर सरिए भी बाहर निकल आए हैं। कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर की सड़क भी उखड़ गई है। यहां सड़क पर पत्थर बाहर आ गए हैं। इसके अलावा अनूपपुर-चचाई बायपास पर रेलवे अंडरब्रिज के पास भी कई गड्ढे हैं। बस स्टैंड मार्ग पर भी सड़क की हालत खराब है। अनूपपुर से कोतमा और बिजुरी की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कई जगह गड्ढे हैं।

बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के अचानक गिरने और घायल होने का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगह तत्काल मरम्मत की जरूरत है।

जैतहरी मार्ग पर फ्लाई ऐश ले जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी होती है। यहां सड़क किनारे की मिट्टी कई जगह असमतल हो गई है। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।

2021 से 2026 तक 877 मौतें

आंकड़ों की माने तो 2021 से 2026 तक जिले में कुल 1,886 सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें 877 लोगों की मौत हुई है। जिसमेवर्ष 2021 में 341 हादसे 145 मौतें 136 गंभीर घायल, वर्ष 2022 में हादसे 313 मौते 141 गंभीर घायल 97, वर्ष 2023 में हादसे 321 मौत 157 गंभीर घायल 96, वर्ष 2024 में 341 हदसे 178 मौत 92 गंभीर घायल वर्ष 2025 में हादसा 350 मौत 160 गंभीर घायल 96 वहीं जारी वर्ष 2026 (अब तक) 220 हदसों में 96 लोगो की मौत हो चुकी हैं इसमे 278 गंभीर घायल शामिल हैं।

कलेक्टर के निर्देशों के बावजूद मरम्मत नहीं हुई

बारिश के मौसम से पहले तत्कालीन कलेक्टर ने प्रमुख मार्गों की मरम्मत के निर्देश दिए थे। जलभराव वाले स्थानों को भी दुरुस्त करने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद कई मार्गों पर अभी भी गड्ढे और जलभराव की समस्या बनी हुई है। वहीं स्थानीय लोग जल्द सड़क मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग अनूपपुर प्रभात लोरिया ने बताया कि सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द सुधार कार्य शुरू किया जाएगा। कुछ सड़कें MPRDC के अधीन हैं। इन सड़कों पर संबंधित विभाग द्वारा काम कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला