राजगढ़ः अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की मौत
राजगढ़, 08 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचौहान थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
हादसा संडावता रोड स्थित नवीन ढाबे के सामने हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम किया है। वहीं अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम भाटखेड़ी बालाजी निवासी कमल (22) पुत्र मांगीलाल भंडारी मंगलवार शाम पैदल भंडारे में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान नवीन ढाबे के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल कमल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सारंगपुर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद कमल को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक