राजगढ़ः जन्मदिन मनाकर लौट रहे दोस्तों की कार खाई में पलटी, युवक की मौत, दो घायल

 




राजगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार दो से तीन बार पलटी। हादसे में कार सवार 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। तीनों युवक जीरापुर में अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोघटपुर और बालाजी मंदिर के बीच यह हादसा हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार बीती गुरुवार रात सोयतकला निवासी राघव शर्मा अपने दो दोस्तों अश्विन सोनगरा और राहुल कारपेंटर के साथ जीरापुर गया था। तीनों कार से वापस सोयतकला लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम गोघटपुर रोड पर बालाजी मंदिर के नजदीक तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 09 डबल्यूएल 6637 अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार कई बार पलटने से उसमें सवार तीनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायल युवकों ने सड़क से गुजर रहे लोगों से मदद मांगी। आसपास के लोग उन्हें लेकर माचलपुर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने राघव शर्मा को मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार राघव के सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी मौत हुई। सूचना मिलने पर माचलपुर थाना प्रभारी आदित्य सोनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बताया गया है कि राघव के माता-पिता नहीं थे। उसका पालन-पोषण मामा के घर हुआ था। युवा राघव की अचानक मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक