जबलपुरः एनएच -30 पर गंजताल चौराहा के पास दो ट्रकों की भिड़ंत, चालक गंभीर घायल
जबलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-30 पर स्थित गंजताल चौराहा एक बार फिर बड़े हादसे का गवाह बना। गुरुवार को यहां दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सिहोरा पुलिस को उसे निकालने के लिए कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक सीजी 13 बीएच 4499 में दाल लोड कर चालक शिवम गुप्ता, उम्र 22 वर्ष निवासी महमूदपुर, मनगवां, रीवा इंदौर से छपरा (बिहार) जा रहा था। आगे चल रहे इसी ट्रक को पीछे से आ रहे संतरा-मौसम्मी लोड ट्रक क्रमांक यूपी 70 एलटी 3364, जिसके चालक राजेश कुमार सरोत निवासी मिर्जापुर हैं, ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक शिवम गुप्ता स्टेयरिंग और केबिन के बीच फंस गया।
मौके पर पहुंची सिहोरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से केबिन को कटर से काटकर घायल को बाहर निकाला और सिविल अस्पताल सिहोरा पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दूसरे ट्रक का चालक बाल-बाल बच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार गंजताल चौराहा नेशनल हाईवे-30 का सबसे खतरनाक ब्लैक स्पॉट बन चुका है। यहां आए दिन बड़ी सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
पिछले एक साल में ही यहां कार, बाइक और ट्रकों की टक्कर में कई लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। चौराहे पर चारों तरफ से तेज रफ्तार वाहन आते हैं, लेकिन यहां न तो पर्याप्त संकेतक बोर्ड हैं, न स्पीड ब्रेकर, न स्ट्रीट लाइट और न ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती।
रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है क्योंकि हाईवे पर कोई रिफ्लेक्टर, डिवाइडर या चेतावनी बोर्ड नहीं है। इसी वजह से पीछे से आने वाले वाहनों को आगे के वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता और भिड़ंत हो जाती है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि गंजताल चौराहे को ब्लैक स्पॉट घोषित कर यहां स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाएं, जैसे स्पीड ब्रेकर, ब्लिंकर लाइट, बड़े सूचना बोर्ड, कैट-आई रिफ्लेक्टर और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, ताकि लगातार हो रही मौतों पर रोक लग सके।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल किया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक