जबलपुर: मूंग से लदा ऑटो नाली में घुसा, चार किसान सुरक्षित
जबलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में कटंगी मार्ग स्थित बेलखाडू के समीप ग्राम खैरी में शुक्रवार को मूंग से लदा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा घुसा। ऑटो में सवार चारों किसान सुरक्षित बच गए और दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डोणा (पोला) से चार किसान मूंग बेचने के लिए ऑटो से जबलपुर कृषि उपज मंडी जा रहे थे। ग्राम खैरी के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ऑटो सड़क से उतरकर नाली में जा घुसा। नाली में बनी पुलिया से टकराने के कारण ऑटो वहीं रुक गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि वाहन आगे पलट जाता या पुलिया से नहीं रुकता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बाद में जेसीबी मशीन की सहायता से नाली में फंसे ऑटो को बाहर निकालकर सड़क पर लाया गया। दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं होने से किसानों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक