राजगढ़ः बारात में जा रही अर्टिका कार अनियंत्रित होकर पलटी, एक की मौत चार घायल
राजगढ़, 27 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पचोर थाना क्षेत्र में बोड़ा रोड़ स्थित ग्राम पानिया जोड़ के समीप तेज रफ्तार अर्टिका कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और पलट गई। हादसे में कार सवार एक 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की। पुलिस के अनुसार गुरूशार देर रात ग्राम पानिया जोड़ के समीप तेज रफ्तार अर्टिका कार क्रमांक एमपी 09 डब्लूके 3888 अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और पलट गई।
हादसे में कार सवार 30 वर्षीय राजेश पुत्र धीरपसिंह गुर्जर निवासी पानिया की मौके पर ही मौत हो गई वहीं गोविंद (31) पुत्र जगदीश गुर्जर, हरीओम (29) पुत्र भारतसिंह गुर्जर, देवराज (27)पुत्र विजयसिंह गुर्जर और अमित (29) पुत्र कैलाश नायक सर्वनिवासी पानिया गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बूलेंस वाहन की मदद से घायलों को पचोर अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शाजापुर रेफर किया गया।
बताया गया है कि ग्राम पानिया निवासी सतीश गोस्वामी का विवाह था, जिसकी बारात पानिया से झाड़पिपल्या गांव जा रही थी, जिसमें कुछ बाराती अर्टिका कार में सवार होकर जा रहे थे,जो हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना कार की स्टेरिंग फेल होने के चलते होना बताई गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक