आगरमालवाः हाईवे पर ट्रक-बोलेरो की भिड़ंत में नौ लोग घायल
आगरमालवा, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में उज्जैन-गरोठ फोरलेन मार्ग पर ग्राम महुड़िया के पास बुधवार को एक ट्रक-बोलेरो की हुई जोरदार टक्कर से बोलेरो में सवार 9 लोग घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को जिले के बड़ौद स्वास्थ केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद आगरमालवा जिला अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन फोरलेन पर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आए एक अज्ञात ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला तथा पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिले के शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद पहुंचाया गया वहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया तथा हादसे में गंभीर रूप से घायल 8 लोगों गोपालसिंह, मुन्नाबाई, रोड़ाबाई, जतनबाई, कृष्णाबाई, भागूबाई, रामकुंवर बाई, दुर्गाकुंवर तथा कुशालसिंह को आगे के ईलाज हेतु आगरमालवा जिला अस्पताल रेफर किया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर बड़ौद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात ट्रक की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा