सिवनीः लखनादौन में ट्रक से टकराया ट्राला, केबिन में फंसे चालक को गेट तोड़कर निकाला

 


जबलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में रविवार को नागपुर से जबलपुर की ओर आ रहा एक तेज रफ्तार ट्राला लखनादौन के पास बंजारी माता मंदिर के समीप आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राला का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

पुलिस के अनुसार रविवार को नागपुर से एक ट्रक जबलपुर की ओर रवाना हुआ था। उसके पीछे मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश निवासी चालक विवेक पिता रामचंद ट्राला लेकर आ रहा था। बंजारी माता मंदिर के पास आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्राला अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक विवेक केबिन में ही फंस गया और बाहर नहीं निकल पा रहा था। दुर्घटना देखकर राहगीर मौके पर रुक गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्राला के केबिन का दरवाजा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े हो जाने से वन-वे हिस्से में यातायात बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए आवागमन रोकना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक