राजगढ़ः नागपुर से अजमेर जा रही कार पुलिया से टकराई, 13 लोग घायल, आठ की हालत गंभीर
राजगढ़,9 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सोमवार अलसुबह ग्राम चिबड़ जोड़ के समीप नागपुर से अजमेर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार सवार 13 लोग घायल हो गए। इनमें आठ की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के नागपुर से कार में परिवार के 13 सदस्य अजमेर दरगाह जा रहे थे। इसी दौरान भोजपुर थाना क्षेत्र में चिबड़ जोड़ के पास चालक का कार से नियंत्रण हट गया और कार पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बशीर शेख का एक पैर घुटने के नीचे से कटकर अलग हो गया, जबकि उसके आठ वर्षीय बेटे अरहान का एक पैर दो जगह से टूट गया। वहीं समीना शेख और शाइमा शेख के सिर में चोटें आई हैं। कार में पांच महिलाएं और चार बच्चे सहित कुल 13 लोग सवार थे। हादसे में सभी को चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक