राजगढ़ में भीषण सड़क हादसा: कार-ऑटो की आमने-सामने टक्कर, 14 घायल, 6 की हालत गंभीर

 


राजगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत करेड़ी रोड पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में 9 महिलाओं सहित कुल 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एम्बुलेंस दल मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद छह लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, राजगढ़-करेड़ी मार्ग पर कार क्रमांक एमपी 06 सीए 8578 ने सामने से आ रहे ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो में ग्राम चाटूखेड़ा के मजदूर सवार थे, जो फसलों की कटाई का कार्य कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। अचानक हुई भीषण भिड़ंत में बंटी (18)पुत्र कैलाश, रामदयाल (18)बनेसिंह,रामसागर (10)पुत्र मांगीलाल,सुमेर (15) पुत्र मांगीलाल, अनोखबाई (30)पत्नी प्रेमसिंह, नौरंगबाई (50)हरिसिंह, इकलेशबाई (14)पुत्री चंदरसिंह,रामकुंवरबाई (50)पत्नी धन्नालाल,संगीताबाई (20)पुत्री राधेश्याम, कृष्णाबाई (50)पत्नी राधेश्याम, गुलाबबाई (40)पत्नी बंकट, गुड्डीबाई (20)पत्नी बापूलाल, शांतिबाई (50)पत्नी बापूलाल सभी निवासी विजयगढ़ तथा पर्वतसिंह (20) पुत्र सांवरलाल निवासी धनवास घायल हो गए। हादसे में बंटी, पर्वतसिंह, रमकूबाई, गुड्डीबाई, संगीता और अनोखबाई को गंभीर चोटें आई है,जिन्हें डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत रेफर किया। वहीं,पुलिस ने घटनास्थल से कार को जब्त कर ली है और चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसके चलते सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन में भी चिंता बढ़ती जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि वाहन चालक गति सीमा का पालन करें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक