राजगढ़ः तेहरवीं से लौट रहे दंपती की बाइक को कंटेनर ने मारी टक्कर, पत्नी की मौत

 


राजगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर भंवरपुरा जोड़ के समीप सोमवार दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। टक्कर के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिसे राहगीरों ने नेवज नदी के पुल के पास पकड़ लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद षव परिजनों को सौंपा और चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार ग्राम मानकी निवासी लाड़बाई सौंधिया (48) अपने पति शिवनारायण सौंधिया (50) के साथ ग्राम भंवरपुरा में रिश्तेदारी में आयोजित तेहरवीं के कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रही थीं। सोमवार दोपहर हाइवे के ढलान वाले हिस्से में सामने से आ रहे कंटेनर क्रमांक आरजे 11 जीसी 0306 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि लाड़बाई बाइक से सड़क पर गिर गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर उन्हें करीब 500 मीटर तक घसीटता ले गया। पहिए के नीचे आने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में शिवनारायण भी घायल हो गए। पत्नी की मौत देख पति बेसुध, परिजनों को दी सूचना हादसे के बाद पत्नी की मौत से शिवनारायण कुछ देर के लिए बेसुध हो गए। होश में आने के बाद उन्होंने रोते हुए परिजनों को घटना की सूचना दी। उन्होंने पत्नी के शव को तौलिए से ढंका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई मंजू मखेनिया, एसआई सुभाष द्विवेदी सहित पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। राहगीरों ने भाग रहे कंटेनर को नेवज नदी पुल के पास रोककर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक