राजगढ़ः कार-बाइक की भिड़ंत में 24 वर्षीय युवक की मौत

 


राजगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर सिविल अस्पताल में गुरुवार दोपहर सड़क हादसे में घायल हुए 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

हादसा सलसलाई थाना क्षेत्र में अकोदिया रोड स्थित अइया पुल के समीप हुआ, जिसमें तेज रफ्तार मारुति वैन और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। सारंगपुर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और जीरो पर मर्ग कायम कर संबंधित थाना के सुपुर्द किया।

पुलिस के अनुसार हादसे में बाइक सवार अरुणसिंह (24) पुत्र महेशसिंह राजपूत, निवासी गोदना गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मारुति वैन में सवार प्रहलाद (40) पुत्र गणपतसिंह भी घायल हुआ। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सारंगपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अरुण सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल प्रहलाद का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किए गए हैं, जिनके आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक