भेड़ाघाट में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को कुचला, तीन की मौत, दो घायल
जबलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। शहपुरा की ओर से जबलपुर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सोनू ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारने के बाद वहां आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों में ढाबा संचालक भी शामिल है। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक ने सोनू ढाबे के सामने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मारी और फिर वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। इनमें से एक वाहन दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामपुर (गोरखपुर) निवासी मोनू भंडारी, मुरैना निवासी बलराम सिंह और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था। हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कुछ लोग ढाबे पर खाना खा रहे थे, जबकि कुछ अपने वाहनों में सो रहे थे। अचानक तेज धमाके के साथ ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारों ओर क्षतिग्रस्त वाहन बिखर गए।
देवास निवासी राज ने बताया कि वह अपने भाई के साथ ढाबे के पास वाहन में सो रहे थे। ट्रक की जोरदार टक्कर से उनकी नींद खुली और उनका वाहन गड्ढे में जा गिरा। किसी तरह बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि सड़क पर दो लोगों के शव पड़े थे और कई लोग गंभीर रूप से घायल थे। एक वाहन टक्कर के कारण दो हिस्सों में बंट गया था। उन्होंने बताया कि वह और उनका भाई सुरक्षित बच गए, लेकिन उनका वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में घायल सात लोगों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाले देवेश गुप्ता ने बताया कि दुर्घटना बेहद भयावह थी। उनके अनुसार, ट्रक चालक नशे की हालत में था। सड़क पर कई घायल पड़े थे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत थी। ऐसे में उनके बेटे ने निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक