राजगढ़ः सड़क हादसे में सीएम हाउस में तैनात आरक्षक की मौत
राजगढ़, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र में जयपुर-जबलपुर राजमार्ग स्थित ग्राम छापरी जोड़ के समीप सोमवार दोपहर सड़क हादसे में 50 वर्षीय आरक्षक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान दरियाव सिंह निवासी गुजरीबे, थाना करनवास के रूप में हुई है। वे 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल इंदौर में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे और वर्तमान में सीएम हाउस में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार दरियाव सिंह बाइक से ब्यावरा की ओर से भोपाल जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम छापरी जोड़ के पास उनके साथ सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और उनकी बाइक किस तरह दुर्घटनाग्रस्त हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल दरियाव सिंह को निजी वाहन की मदद से शासकीय अस्पताल कुरावर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक