जबलपुरः त्रिपुर सुंदरी मंदिर के पास खाई में गिरी नई कार, दो घायल

 


जबलपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में तेवर स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर के पास सोमवार को एक नई कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों को चोटें आई हैं। गनीमत रही कि खाई में गिरने के दौरान कार एक पेड़ में फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नवरात्र के अवसर पर जबलपुर का एक परिवार नई कार से त्रिपुर सुंदरी मंदिर पहुंचा था। मंदिर के पास कार खड़ी करने के दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे से खाई की ओर लुढ़कने लगा। स्थिति को भांपते हुए कार में सवार एक व्यक्ति बाहर कूद गया, जबकि दो अन्य लोग वाहन के अंदर ही रह गए।

बताया गया कि कार करीब 70 फीट नीचे जाने के बाद एक पेड़ में फंसकर रुक गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग तत्काल बचाव के लिए पहुंचे और कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला। हादसे में उन्हें मामूली चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने सड़क किनारे पैराफिट वॉल या तार की फेंसिंग नहीं होने को हादसे की संभावित वजह बताया। उनका कहना है कि सुरक्षा इंतजामों के अभाव में वाहन चालक को सड़क की सीमा का अंदाजा लगाने में भ्रम हो सकता है। नवरात्र के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के बीच वाहन अनियंत्रित होने से दुर्घटना हुई।

हादसे के बाद मंदिर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और सड़क किनारे मजबूत अवरोधक लगाए जाने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक