सागर: बंडा रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो सुरक्षा गार्डों की मौत

 


सागर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बंडा रोड पर ग्राम कर्रापुर के समीप सोमवार को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस एवं स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक मकरोनिया क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। सोमवार को अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गृह ग्राम वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कर्रापुर गांव के पास पीछे से तेज गति में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में कार के अगले हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान ग्राम गोरा (वार्ड क्रमांक 12) निवासी मनोज सेन (38 वर्ष), पुत्र भागीरथ सेन एवं धर्मेंद्र राय के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के परिजनों को सूचित किया। दो युवकों की एक साथ हुई आकस्मिक मृत्यु से ग्राम गोरा में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया । मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

इस भीषण दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फोरलेन सड़क पर किसी व्यक्ति द्वारा निजी तौर पर मुरम (मिट्टी-पत्थर) डलवाई गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क पर फैली इसी मुरम के कारण तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते कार सीधे आगे चल रही बाइक से जा भिड़ी। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि फोरलेन मार्ग पर डाली गई मुरम को अविलंब हटवाया जाए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे