राजगढ़ः ब्रेक फेल होने से खंती में उतरी यात्री बस, महिला पार्षद घायल
राजगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह रेलवे स्टेशन के सामने पुराने एबी रोड पर एक यात्री बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में उतर गई। हादसे में बस में सवार खुजनेर की महिला पार्षद रामकलाबाई को कमर में चोट आई, जबकि बस में सवार करीब 25 से 30 अन्य यात्री सुरक्षित रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, पुरोहित ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 39 जेडसी 8121 रविवार सुबह खुजनेर से यात्रियों को लेकर इंदौर जा रही थी। सारंगपुर में पुराने एबी रोड पर रेलवे स्टेशन के सामने अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसने बस को सड़क से नीचे खंती में उतार दिया। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में खुजनेर नगर के वार्ड क्रमांक 2 की पार्षद रामकलाबाई को कमर में चोट आई। गनीमत रही कि बस में सवार अन्य यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बस के ब्रेक किस कारण फेल हुए, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक