जबलपुर : लोडिंग वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जबलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा क्षेत्र में इंद्राना-पनागर मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार लोडिंग वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन कर मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण मार्ग पर जाम के हालात बने रहे। घटना के बाद लोडिंग वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम फुलकी निवासी रविंद्र सिंह (35) फुलकी का ठेला लगाते थे। रक्षाबंधन के चलते मंगलवार को वह राखी और रुमाल खरीदकर अपनी दुकान लगाने के लिए बाइक से इंद्राना से पनागर की ओर जा रहे थे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे ग्राम पुरैना के पास सामने से ईंट लेकर आ रहे लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रविंद्र बाइक समेत सड़क पर गिरकर लोडिंग वाहन में फंस गए। बताया जा रहा है कि वाहन चालक उन्हें कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर चोटें आने के कारण रविंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे का मंजर देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोग सड़क पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन के चलते इंद्राना-पनागर मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई और नियमानुसार सहायता का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार लोडिंग वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक