जबलपुर : खितौला बायपास पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार लोग गंभीर घायल
जबलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के खितौला बायपास रोड पर गुरुवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार चार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में चारों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों की हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कटनी के तिलक कॉलेज निवासी आशीष विश्वकर्मा (25) अपनी दो बहनों वर्षा (21) और रेशमा (17) को मोटरसाइकिल पर बैठाकर जबलपुर जा रहे थे। वे खितौला बायपास से आगे बढ़ रहे थे, तभी सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर ढीमरखेड़ा निवासी आयुष पटेल (19) सवार था।
दोनों मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर होते ही सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां आशीष विश्वकर्मा और आयुष पटेल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों बहनों का उपचार सिहोरा अस्पताल में किया गया
हादसे के बाद दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें सड़क पर पड़ी रहीं, जिससे बायपास मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारु हो सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक