जबलपुरः बरेला टोल प्लाजा में घुसा सरिया से भरा बेकाबू ट्राला, दो लोग अंदर फंसे, रेस्क्यू जारी
जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरेला टोल प्लाजा पर शनिवार रात 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। रायपुर से जबलपुर की ओर आ रहा सरिया से भरा एक ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर सीधे टोल प्लाजा परिसर में जा घुसा। हादसे के बाद टोल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के दौरान ट्राले के अंदर दो लोग फंस गए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत दल द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य की निगरानी कर रही हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेस्क्यू अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक