राजगढ़ः ट्रक की टक्कर से ससुराल से लौट रहे बाइक सवार युवक की मौत
राजगढ़,22 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सारंगपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना ग्राम मऊ-गुलावता जोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक यूपी 32 जीएन 2417 ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक चला रहे 38 वर्षीय जगदीश पुत्र सिद्धनाथ दुबे, निवासी खुजनेर, की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सारंगपुर भेजा,जहां पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि मृतक विवाहित था और दो छोटे बच्चों का पिता था। वह मनिहार की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। हादसे के समय वह ससुराल पड़ाना से लौटकर खुजनेर जा रहा था। थाना प्रभारी आकांक्षा हाड़ा के अनुसार ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक