‘यशस्विनी’ में छात्राओं ने संभाली कमान, मानस भवन से राजीव गांधी चौक तक निकली भव्य शोभायात्रा
जबलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जबलपुर महानगर की ओर से एक दिवसीय युवती सम्मेलन ‘यशस्विनी’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन की खास बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं से लेकर संचालन तक की पूरी जिम्मेदारी छात्राओं ने ही संभाली।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। इसके बाद महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता, संस्कार और राष्ट्र सेवा सहित महिलाओं से जुड़े समसामयिक विषयों पर तीन बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए।
राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत प्रचारिका ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को हमेशा राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति माना गया है। उन्होंने छात्राओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा ने महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व पर विचार रखते हुए कहा कि युवतियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभाविप छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
भारतीय महिला हॉकी टीम की कोच रेना यादव ने छात्राओं को खेल और जीवन की चुनौतियों से मुकाबला करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर मेहनत और कभी हार न मानने का जज्बा ही सफलता की कुंजी है।
बौद्धिक सत्रों के बाद मानस भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा तीन पत्ती चौक होते हुए राजीव गांधी चौक पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। छात्राओं की अनुशासित भागीदारी से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
राजीव गांधी चौक पर भारत माता की महाआरती की गई। इसके बाद कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के ओजस्वी गान के साथ हुआ।
आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन में जबलपुर महानगर के विभिन्न महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से हजारों छात्राओं ने सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भरता, नेतृत्व, संस्कार और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक