जबलपुरः देश विरोधी ताकतों के खिलाफ आरडीविवि में अभाविप का प्रदर्शन
जबलपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जबलपुर महानगर द्वारा शुक्रवार को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में अराजकता रोको - लोकतंत्र अपनाओ आह्वान के तहत एक विशाल विरोध प्रदर्शन एवं छात्र सभा का आयोजन किया गया। देश के सभी प्रमुख विश्वविद्यालय परिसरों में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत जबलपुर में भी सैकड़ों छात्र एवं छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाने और युवाओं को भ्रमित करने वाली राजनीति के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई। लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने का षड्यंत्र: अभाविप के महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने कहा कि कुछ विधर्मी एवं अवसरवादी राजनीतिक दल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए देश की संवैधानिक व स्वायत्त संस्थाओं—जैसे चुनाव आयोग, न्याय प्रणाली, भारतीय सेना और पुलिस बल—की साख पर बेबुनियाद सवाल उठाकर उन्हें निरंतर बदनाम करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
भारत के युवाओं भ्रमित कर देश के खिलाफ खड़ा करने का प्रयास कर रहे है । इस एकत्रीकरण से अभाविप ने सीधा संदेश ऐसे विधर्मी और देशविरोधी लोगों को दिया है कि युवा देश के साथ है देश की शांति के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा , भारत का प्रत्येक युवा भारत माता की जय के उद्घोष के साथ भारत को आगे लेकर जायेगा ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक