मानव अधिकार आयोग एवं आमजनों के मध्य सेतु का काम करेंगे आयोग मित्र-डॉ सिंह
आगरमालवा, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश मानवाधिकार मानव अधिकार आयोग द्वारा जिला स्तर पर आयोग मित्र नियुक्त किए जा रहे हैं। यह आयोग मित्र आमजनो और आयोग के मध्य सेतु का काम करेंगे और मानव अधिकारों के संरक्षण में सहयोग करेंगे।
यह बात मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को आगरमालवा सर्किट हाउस में मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा आयोग में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर जाकर सुनवाई की जा रही है, इससे प्रकरणों के निराकरण में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों को संरक्षण आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आयोग जनसुनवाई, समाचार पत्रों और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से प्राप्त मानव अधिकारों के उल्लंघन के शिकायतों की सूचना पर समय-समय पर स्वतः संज्ञान में लेकर कार्यवाही करता है। आयोग का उद्देश्य आमजनों के मानव अधिकारों का संरक्षण करना है।
इस मौके पर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, आयोग के डीआईजी मुकेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी दिलीप सोनी व अन्य अधिकारी तथा पत्रकारगण, मीडिया के साथी उपस्थित थे।
इसके बाद अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई करते हुए जिले से आए आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि मानवाधिकारों का संरक्षण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि नागरिकों से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता से लिया जाए। आवेदकों की बात पूरी तरह सुनकर उन्हें संतुष्ट करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों में प्रगति जानी और आवश्यक प्रकरणों में समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी नागरिक के अधिकारों का हनन हो।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा